UP Weather News: ठिठुरन भरी ठंड के लिए अभी करना होगा इंतजार,नम हवाओं की वजह से 6 दिसंबर तक हो सकती है हल्की बारिश
प्रयागराज: मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। पहले बारिश इसके बाद कोहरा और अब खिली धूप के बीच तापमान बादलों के पहरे की वजह से बढ़ गया है। अरब सागर से आने वाली नम हवाओं की वजह से अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश Rain के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 6और 7 दिसंबर को आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश Rain की संभावना व्यक्त की गई है। वहीं, सोमवार को सुबह और शाम हल्की धुंध छाई रहेगी और दोपहर में आसमान साफ रह सकता है। शनिवार की रात हल्की धुंध छाई रही। रात में कुछ देर के लिए कोहरा भी आया पर सुबह की धूप के साथ आसमान साफ हो गया। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया यह शनिवार की तुलना में दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच 10 डिग्री सेल्सियस का अंतर चल रहा है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में भूगोल विभाग के प्रोफेसर एआर सिद्दीकी कहते हैं कि अभी अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आएगी। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। दिसंबर के तीसरे सप्ताह से ठंड बढ़नी शुरू होगी। पहाड़ों पर बर्फबारी की स्थिति में सर्दी थोड़ा पहले भी आ सकती है। अधिकतम तापमान में गिरावट के बाद ही ठिठुरन भरी ठंड लोगों को महसूस होगी।